80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य महाप्रबंधक दूधनाथ ने किया ध्वजारोहण, जवानों ने दी तिरंगे को सलामी
सोने की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
ओबरा, 15 अगस्त 2026। गांधी मैदान ओबरा में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई ओबरा द्वारा भव्य एवं गरिमामय परेड समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तापीय विद्युत परियोजना ओबरा के परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक श्री दूधनाथ रहे।
मुख्य अतिथि श्री दूधनाथ ने श्री सतीश कुमार सिंह, कमांडेंट, केऔसुबल इकाई ओबरा की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा लहराते ही परेड कमांडर निरीक्षक/अग्नि राकेश कुमार, परेड 2IC उप निरीक्षक/कार्य जितेंद्र सिंह यादव, उप निरीक्षक/कार्य जोसेफ हेंब्रम तथा उप निरीक्षक/अग्नि राजकुमार के नेतृत्व में संपूर्ण परेड ने राष्ट्रीय ध्वज को शानदार सलामी दी।
गांधी मैदान में मौजूद स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों, परियोजना अधिकारियों-कर्मचारियों और नगरवासियों ने पूरे गर्व एवं सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया। तिरंगे की शान में खड़े जवानों और राष्ट्रगान की गूंज से पूरा गांधी मैदान देशभक्ति के जज्बे से सराबोर हो उठा। उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और राष्ट्रभक्तों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
*ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका पर बोले मुख्य महाप्रबंधक*
ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य अतिथि श्री दूधनाथ ने तापीय विद्युत परियोजना ओबरा के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नगरवासियों को संबोधित किया। उन्होंने भारत सरकार की ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि ओबरा तापीय विद्युत परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी निरंतर कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ विद्युत उत्पादन में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने परियोजना की पुरानी इकाइयों के लगातार उत्पादन करने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे यह साबित होता है कि उम्र केवल एक अंक है, यदि व्यक्ति के अंदर कार्य करने का जज्बा और समर्पण हो तो किसी भी उम्र में उत्कृष्ट कार्य किया जा सकता है।
मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि ओबरा तापीय विद्युत परियोजना द्वारा 1320 मेगावाट विद्युत उत्पादन किया जा रहा है, जो परियोजना के कर्मचारियों की मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए निर्बाध विद्युत उत्पादन बेहद आवश्यक है और इसमें परियोजना के प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
*CISF सुरक्षा कवच के बीच निर्भीक होकर हो रहा विद्युत उत्पादन*
मुख्य महाप्रबंधक ने परियोजना की सुरक्षा में तैनात CISF के जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल परियोजना और कर्मचारियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहा है। मजबूत सुरक्षा व्यवस्था के कारण परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए निर्बाध ऊर्जा उत्पादन में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा और ऊर्जा उत्पादन एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और CISF की सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा से परियोजना को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है।
*अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई भव्य परेड*
स्वतंत्रता दिवस की यह भव्य परेड उप कमांडेंट/अग्नि सदा राम यादव, सहायक कमांडेंट/कार्य आनंद कुमार नारा तथा सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो की देखरेख में अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
समारोह के दौरान गांधी मैदान में मौजूद लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। तिरंगे की शान, CISF जवानों की शानदार परेड और राष्ट्रगान की गूंज ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को यादगार बना दिया





















إرسال تعليق