सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ और ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम, 26 सितंबर को सभी केंद्रों पर अन्नप्राशन
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले में 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक ‘आंगन का उत्सव’ एवं ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं आमजन को पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25, 26, 27 एवं 30 सितंबर तथा 6 अक्टूबर 2026 को विभाग की ओर से विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होंगे। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा बहुओं तथा उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सार्वजनिक सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पिछले 25 वर्षों में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी नीतियों और योजनाओं के कारण आए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। साथ ही पोषाहार से तैयार होने वाले विभिन्न व्यंजनों, उनकी विधि, पोषाहार में मौजूद पोषण तत्वों तथा उसकी गुणवत्ता के संबंध में लाभार्थियों और आमजन को जागरूक किया जाएगा।
अभियान के तहत हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल एवं मिठाई वितरित की जाएगी। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को अतिरिक्त पोषाहार एवं आवश्यक सामग्री के वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।
26 सितंबर को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन कार्यक्रम
बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास को लेकर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 26 सितंबर 2026 को जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के उचित पोषण एवं स्वस्थ विकास के प्रति अभिभावकों को जागरूक किया गया।
विभाग द्वारा आयोजित गतिविधियों के फोटोग्राफ्स, रील्स तथा 1 से 3 मिनट की वीडियो क्लिप शासन एवं विभाग द्वारा निर्धारित लिंक पर अपलोड की जा रही हैं। साथ ही प्रत्येक गतिविधि की दैनिक रिपोर्ट भी संकलित की जा रही है, ताकि अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों की नियमित निगरानी एवं समीक्षा की जा सके।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और पोषण संबंधी जानकारी को अधिक से अधिक लाभार्थियों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।







إرسال تعليق