सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
हरिद्वार से पहुंचे योग विशेषज्ञों ने सिखाए आसन, प्राणायाम और ध्यान के गुर, स्कूलों में भी चल रही योग कक्षाएं
बभनी, सोनभद्र। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में पतंजलि युवा भारत बभनी के तत्वावधान में सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर-2026 का आयोजन बभनी स्थित शिव मंदिर प्रांगण में किया जा रहा है।
20 सितंबर से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण शिविर 15 अक्टूबर तक संचालित होगा। शिविर में योग शिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान और योग साधना की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर का शुभारंभ पूर्व सांसद नरेंद्र सिंह कुशवाहा, मंडल प्रभारी लालकेश कुशवाहा, हरिद्वार से आए स्वामी योगा प्रसाद महाराज तथा महिला जिला प्रभारी ममता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन प्रातःकालीन सत्र में पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से आए स्वामी योगा प्रसाद महाराज एवं वीरेंद्र योगी ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान साधना की विधियों का अभ्यास कराया। इस दौरान योग साधना के महत्व, ध्यान की प्रक्रिया तथा मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वामी योगा प्रसाद महाराज ने ध्यान और आनंद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा में समय-समय पर महापुरुषों, संतों और योगियों ने समाज को नई दिशा और संदेश दिया है। भगवान राम, योगीराज श्रीकृष्ण, भगवान बुद्ध और स्वामी विवेकानंद जैसे महापुरुषों ने मानव जीवन को संस्कार, साधना और सेवा का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में स्वामी रामदेव के नेतृत्व में योग, आयुर्वेद और स्वदेशी चिकित्सा पद्धति को देश-विदेश में जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। पतंजलि परिवार से जुड़े योग शिक्षक भी विभिन्न स्थानों पर योग कक्षाओं के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
बभनी के स्वच्छ और प्रदूषण रहित वातावरण को देखते हुए यहां सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में योग के साथ स्वास्थ्य एवं जीवनशैली से जुड़े विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में पतंजलि युवा भारत से जुड़े शिक्षक डा. हीरालाल, मिथिलेश, सुनील, रवि, शंकर, वरुण कुमार, सत्येंद्र कुमार, अमित, सूर्यकांत, सुजीत सहित अन्य कार्यकर्ता एवं महिला योग शिक्षक ममता, मीरा आदि सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। जिला प्रभारी ममता श्रीवास्तव के नेतृत्व में बभनी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में भी प्रतिदिन योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।




إرسال تعليق