Top News

संचारी रोगों पर वार की तैयारी तेज, गांव से स्कूल तक चलेगा जागरूकता अभियान

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

सीडीओ ने कसा शिकंजा, 26 सितंबर तक माइक्रोप्लान और रोजाना शाम चार बजे तक देनी होगी प्रगति रिपोर्ट


सोनभद्र।
बरसात के बाद संचारी रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जिले में बचाव और जागरूकता अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 01 से 31 अक्टूबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में अंतर्विभागीय बैठक हुई।

सीडीओ ने साफ निर्देश दिए कि अभियान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि गांव, स्कूल और नगरीय क्षेत्रों में धरातल पर प्रभावी नजर आए। सभी विभाग माइक्रोप्लान के अनुसार सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता की गतिविधियां समयबद्ध ढंग से संचालित करें।

स्कूलों में रोज होगी बीमारी से बचाव की पाठशाला

बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि प्रार्थना सभा में बच्चों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव की जानकारी दी जाए। सही तरीके से हाथ धोने, पूरी बांह की यूनिफॉर्म पहनने और बुखार आने पर क्या करें-क्या न करें, इसकी जानकारी दी जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में हैंडवॉश की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पंपलेट के जरिए प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।

नालियां साफ होंगी, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव तेज होगा

नगर निकायों और पंचायत विभाग को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी और कचरा निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। साप्ताहिक कार्ययोजना बनाकर फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाएगा। चुर्क में सोन पंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का एक सप्ताह में निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए गए।

गांवों में पानी से लेकर झाड़ियों तक पर नजर

ग्राम विकास विभाग को स्वच्छ पेयजल के साथ नालियों की सफाई, कचरा निस्तारण, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया। पशुपालन और कृषि विभाग स्क्रब टाइफस व लैप्टोस्पायरोसिस से बचाव के लिए गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। घूमंतू गोवंश को गो-आश्रय स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

26 सितंबर तक माइक्रोप्लान, रोज देनी होगी रिपोर्ट

सीडीओ ने सभी विभागों को 26 सितंबर तक माइक्रोप्लान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट शाम चार बजे तक जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी। जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को अभियान की गतिविधियों में अनिवार्य रूप से भाग लेकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम्य विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, ब्लॉक अधीक्षक, बीसीपीएम, डीपीएम और एनएचएम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume