Top News

किसानों को ₹6 लाख तक का कर्ज, टैक्सी चालकों को मिलेगा ‘मालिकाना हक’

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना और भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ, 6% प्रभावी ब्याज पर मिलेगा दीर्घकालीन कृषि ऋण


सोनभद्र, 23 सितंबर।
प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों को सस्ता और दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ हो गया। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से योजना के साथ भारत टैक्सी सेवा का भी शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के बी-पैक्स गयारतवल में आयोजित जनपदीय कार्यक्रम में किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल मुख्य अतिथि रहीं।

समय पर किस्त जमा करने पर ब्याज अनुदान

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत पात्र लघु एवं सीमांत किसानों को ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्त चुकाने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ मिलेगा। योजना के लिए ₹384 करोड़ के ब्याज अनुदान को मंजूरी दी गई है और अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

‘सारथी ही मालिक’, चालक होंगे सेवा के हिस्सेदार

कार्यक्रम में भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत भी हुई। सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) द्वारा संचालित इस डिजिटल राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म में चालक सदस्य और हितधारक के रूप में जुड़ेंगे। ‘सारथी ही मालिक’ की अवधारणा पर आधारित सेवा का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती परिवहन उपलब्ध कराने के साथ चालकों के आर्थिक सशक्तीकरण और रोजगार-सह-स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना है।

कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, सहकारी संस्थाओं के पदाधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता संजय कुमार वर्मा समेत संबंधित अधिकारियों ने सहभागिता की। बी-पैक्स अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और सचिवों से दोनों योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र किसानों तक लाभ पहुंचाने का आह्वान किया गया।



Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume