सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
11वें आयुर्वेद दिवस पर छात्रों ने दिखाया हुनर, भाषण से लेकर पोस्टर और क्विज में लिया हिस्सा
सोनभद्र, 23 सितंबर। स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेद की उपयोगिता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC) में 11वां आयुर्वेद दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिलास्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने छात्रों को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के दौर में स्वास्थ्य संरक्षण और रोगों की रोकथाम में आयुर्वेद की भूमिका महत्वपूर्ण है। दैनिक जीवन में खान-पान, दिनचर्या और प्राकृतिक जीवनशैली को अपनाकर बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में भाषण, निबंध, क्विज, पोस्टर पेंटिंग और रील वीडियो निर्माण जैसी प्रतियोगिताओं ने छात्रों की प्रतिभा को मंच दिया। जयप्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय बालिका विद्यालय, कीर्ति इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, ओम प्रकाश कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज, जिला शैक्षणिक प्रशिक्षण संस्थान और राजकीय महिला महाविद्यालय राबर्ट्सगंज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सीडीओ जागृति अवस्थी ने सम्मानित किया। प्रतिभागी संस्थानों के शिक्षकों को भी सम्मान मिला। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. विश्वकर्मा, 50 शय्या आयुष चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. ज्योतिर्जय सहित वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे। डॉ. अपूर्व प्रियदर्शी ने संचालन करते हुए आयुर्वेद की उपयोगिता और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम ने छात्रों को आयुर्वेद को केवल उपचार पद्धति के रूप में नहीं, बल्कि स्वस्थ दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।


إرسال تعليق