सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर-26 में 25 योग शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण, नियमित योगाभ्यास से स्वस्थ जीवन का संकल्प
बभनी, सोनभद्र। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में भारत स्वाभिमान एवं युवा भारत बभनी के तत्वावधान में सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर-26 का आयोजन शिव मंदिर प्रांगण बभनी में किया जा रहा है। 20 सितंबर से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण शिविर 15 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा। शिविर में प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल करीब 25 योग शिक्षक नियमित रूप से योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
प्रशिक्षण का नेतृत्व हरिद्वार से आए स्वामी योग प्रसाद महाराज एवं वीरेंद्र योगी द्वारा किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान साधकों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान और सूर्य नमस्कार के माध्यम से नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
आसन, सूर्य नमस्कार और ध्यान से साधकों को मिल रहा प्रशिक्षण
प्रातःकालीन सत्र में स्वामी योग प्रसाद महाराज द्वारा योगिक जोगिंग, सूर्य नमस्कार, मंडूकासन, कूर्मासन, गोमुखासन, शशकासन, वक्रासन एवं चक्की आसन सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए जा रहे हैं। वहीं वीरेंद्र योगी द्वारा ॐ ध्यान, प्राणायाम तथा नियमित योगाभ्यास की विधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शिविर के माध्यम से बभनी क्षेत्र में योग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। आयोजकों के अनुसार नियमित योगाभ्यास से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है और अनेक लोग विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं में योग को लाभकारी अनुभव कर रहे हैं।
योग को घर-घर पहुंचाने का संकल्प
शिविर के सफल संचालन में पतंजलि महिला समिति सोनभद्र की जिला प्रभारी बहन ममता श्रीवास्तव, बहन मिला, योग शिक्षिका अनिता गुप्ता, बहन ममता सहित युवा भारत बभनी के डा. हीरालाल, मिथिलेश, सवेश चंद, आशीष, नितेश गुप्ता, बुधन, सुनील, सहदेव प्रसाद, कन्हैया लाल समेत अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान बताया गया।
8 अक्टूबर 2026 के प्रातःकालीन सत्र में योग शिक्षक नितेश गुप्ता को युवा भारत की ओर से पतंजलि गंजी भेंट करते हुए स्वामी योग प्रसाद महाराज नजर आए। वहीं वीरेंद्र योगी द्वारा सभी योग शिक्षकों को नियमित योगाभ्यास का क्रम समझाया गया।
आयोजकों का कहना है कि शिविर का उद्देश्य प्रशिक्षित योग शिक्षकों के माध्यम से योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के संदेश को बभनी क्षेत्र के गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाना है। शिविर के चलते बभनी बाजार और आसपास का क्षेत्र भी योगमय वातावरण में दिखाई दे रहा है।


Post a Comment