SDM रवि कुमार ने छठ घाट व रेलवे मीटर गेज का किया स्थलीय निरीक्षण, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर गौरव कुमार
ओबरा/सोनभद्र। जलभराव एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए तहसील प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार को ओबरा उपजिलाधिकारी रवि कुमार ने चोपन नगर पंचायत क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध छठ घाट एवं रेलवे मीटर गेज का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर और नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने पाया कि नदी का जलस्तर घटकर 8.03 मीटर पर पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार कमी आने से मुख्य सड़क और छठ घाट के निचले हिस्सों से पानी पूरी तरह उतर चुका है। इससे आवागमन सुचारु होने के साथ ही क्षेत्र में जनजीवन एवं स्थानीय गतिविधियां भी धीरे-धीरे सामान्य पटरी पर लौट रही हैं।
*पेयजल आपूर्ति को लेकर प्रशासन ने ली राहत की सांस*
चोपन रेलवे कॉलोनी एवं ईवी (EV) कार्यालय क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की स्थिति भी सामान्य पाई गई। जलापूर्ति के लिए स्थापित दो मुख्य मोटरों में से वर्तमान में एक मोटर पूरी क्षमता के साथ संचालित है, जो मौजूदा मांग के अनुरूप पर्याप्त जलापूर्ति कर रही है। रेलवे कॉलोनी समेत आसपास के आवासीय क्षेत्रों में पेयजल की कोई गंभीर समस्या नहीं है और नागरिकों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।
*घाटों की सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर*
जलस्तर कम होने के बाद एसडीएम रवि कुमार ने संबंधित नगर पंचायत एवं विभागीय अधिकारियों को छठ घाटों की तत्काल साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलस्तर में उतार-चढ़ाव को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत नागरिक सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की सक्रिय निगरानी के चलते जलस्तर में कमी के साथ क्षेत्र में स्थिति अब सामान्य होती दिखाई दे रही है।


Post a Comment