सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा, सोनभद्र। आजादी के 80वें वर्ष के पावन अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय लालटावर, अनपरा में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती चिंता देवी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों के उत्साह और शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी सहभागिता की। अपने बच्चों की प्रस्तुतियां देखकर अभिभावक काफी प्रसन्न और उत्साहित नजर आए।
अभिभावकों की उपस्थिति और बच्चों के प्रति उनका उत्साह देखकर विद्यालय परिवार ने भी खुशी व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत सभी बच्चों को विद्यालय स्टाफ के सहयोग से टाई, बेल्ट एवं आई-कार्ड वितरित किए गए। इसके साथ ही नियमित रूप से विद्यालय आने वाले बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान सुनीता यादव, प्रतिमा देवी, माधुरी देवी, अजय कुमार यादव एवं अनन्या गुप्ता ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
प्रधानाध्यापिका श्रीमती चिंता देवी ने सभी बच्चों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह का समापन उत्साह एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में हुआ।




















Post a Comment