सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
*सोनभद्र, घोरावल।* थाना घोरावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खिरिहटा में पिछले तीन माह से रिलायंस जिओ का मोबाइल नेटवर्क ठप पड़ा है। बार-बार नेटवर्क गायब होने और इंटरनेट सेवा बाधित रहने से ग्रामीणों का डिजिटल जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सोनभद्र को पत्र भेजकर समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि गांव में लगा जिओ टावर लंबे समय से ठीक से काम नहीं कर रहा। दिन में कई बार सिग्नल पूरी तरह बंद हो जाता है। 4G/5G इंटरनेट चलना तो दूर, कॉल तक कनेक्ट नहीं हो पाती।
*ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित*
नेटवर्क की समस्या से सबसे ज्यादा दिक्कत विद्यार्थियों, किसानों और जन सेवा केंद्र संचालकों को हो रही है। बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई बाधित है। किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा व अन्य DBT योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। बैंकिंग, आधार, पैन कार्ड व अन्य सरकारी काम के लिए ग्रामीणों को 15-20 किमी दूर घोरावल जाना पड़ रहा है।
*DM से हस्तक्षेप की मांग*
ग्रामवासियों ने डीएम सोनभद्र से मांग की है कि जिओ कंपनी और दूरसंचार विभाग को निर्देश देकर टावर की जांच कराई जाए और नेटवर्क सेवा सुचारू कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि डिजिटल इंडिया के दौर में नेटवर्क न होना बुनियादी सुविधा से वंचित होने जैसा है।
फिलहाल ग्रामीण वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव में परेशान हैं और प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

إرسال تعليق