सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
नाली सफाई न होने से सड़क बनी तालाब, पत्रकार जगरनाथ ने उठाई आवाज
रामगढ़/सोनभद्र। रामगढ़ बाजार स्थित दुर्गा माता मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले कई महीनों से जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है। नरायन मेडिकल स्टोर के बगल से मंदिर जाने वाले रास्ते पर नाली की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया है, जिससे राहगीरों, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग केवल मंदिर तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं, बल्कि चिल्ड्रेन मांटेसरी इंटर कॉलेज, कसारी रामगढ़, सोनभद्र जाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रमुख आवागमन मार्ग है। सड़क पर फैले गंदे पानी और कीचड़ के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा माता मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन रास्ते पर भरे गंदे पानी, बदबू और फिसलन के कारण उन्हें काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक भयावह हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इस गंभीर जनसमस्या को जनहित में स्थानीय पत्रकार जगरनाथ ने प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने संबंधित विभाग एवं स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए तत्काल नाली सफाई, जल निकासी और सड़क की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या का जल्द समाधान कराया जाए, ताकि मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, बाजार के व्यापारियों तथा स्कूल जाने वाले बच्चों को राहत मिल सके।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या आने वाले दिनों में और विकराल रूप धारण कर सकती है।

إرسال تعليق