305 लाभार्थियों की सूची घोषित, छूटे पात्रों के नाम जोड़ने का आश्वासन
सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
रामगढ़/सोनभद्र। विकासखंड चतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ स्थित शीतला मंदिर परिसर में बुधवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास वितरण एवं आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 को लेकर एक महत्वपूर्ण खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बलराज मौर्य ने की, जिसमें ग्राम पंचायत के सचिव, प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
बैठक में वर्ष 2022 की प्रधानमंत्री आवास योजना सूची के अनुसार कुल 305 लाभार्थियों के नाम घोषित किए गए। ग्राम प्रधान बलराज मौर्य एवं ग्राम सचिव ने उपस्थित ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि सूची में शामिल सभी नामित लाभार्थी योजना के पात्र हैं और उन्हें नियमानुसार आवास योजना का लाभ दिया जाएगा।
*छूटे पात्रों को मिलेगा मौका, अपात्रों पर होगी कार्रवाई*
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम पंचायत के कुछ ऐसे निवासी हैं, जो योजना के पात्र होने के बावजूद सूची में शामिल नहीं हो सके। इस पर ग्राम प्रधान और सचिव ने मीडिया के माध्यम से आश्वस्त किया कि जिन पात्र लोगों के नाम सूची से छूट गए हैं, उनके मामलों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर आवश्यक सुधार कराया जाएगा, ताकि कोई भी वास्तविक जरूरतमंद योजना से वंचित न रहे।
ग्राम प्रधान बलराज मौर्य ने कहा कि केंद्र सरकार की मंशा है कि हर गरीब, जरूरतमंद और आवास विहीन परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज जमा करें, जिससे पात्रता के आधार पर सभी योग्य परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान यह पाया जाता है कि किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल होकर लाभ प्राप्त कर रहा है, तो उसका नाम सूची से हटाया जाएगा। वहीं, जो वास्तविक पात्र लाभार्थी अब तक वंचित रह गए हैं, उनके नाम सूची में जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं तथा उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। इस खुली बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना की पारदर्शिता बनाए रखना, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाना तथा योजना को निष्पक्ष रूप से लागू करना रहा।

إرسال تعليق