सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा/सोनभद्र । अनपरा तापीय परियोजना प्रबंधन द्वारा भारत सरकार के ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत अभियान’ के तहत कॉलोनी परिसर में प्रत्येक रविवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार सुबह कॉलोनी स्थित हाथी पार्क में परियोजना प्रमुख एवं मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कुमार कटियार के नेतृत्व में वृहद श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अभियान में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, श्रावणी मेला समिति के पदाधिकारियों तथा स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
*स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही सच्ची उन्नति का आधार — सीजीएम*
मुख्य महाप्रबंधक इं. अजय कुमार कटियार ने स्वयं श्रमदान कर सभी को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्लांट एवं कॉलोनी परिसर को स्वच्छ, सुंदर और रोगमुक्त बनाना है, साथ ही लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण ही वास्तविक विकास और उन्नति की पहचान है।
परियोजना प्रमुख लगातार तापीय परियोजना के विभिन्न कार्यस्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं ताकि भीषण गर्मी के दौरान आग जैसी किसी भी अप्रिय दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
*अगले रविवार गांधी उपवन और हाथी पार्क में फिर चलेगा अभियान*
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आगामी रविवार को गांधी उपवन एवं हाथी पार्क में विशेष श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। परियोजना प्रबंधन ने अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान में शामिल होकर स्वच्छता मिशन को सफल बनाने की अपील की है।
इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता इं. उत्पल शंकर, अधिशासी अभियंता इं. बीआर पटेल, इं. ज्ञानेंद्र सिंह, इं. वृजेंद्र सिंह यादव, इं. अरुण कुमार, सहायक अभियंता इं. वेद प्रकाश विश्वकर्मा, इं. अजय सिंह, इं. पंकज पांडेय, इं. कमलेश कुमार, इं. उपेंद्र यादव, इं. त्रियुगी नारायण, अवर अभियंता अनिल पटेल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।



إرسال تعليق