सब्जी मंडी, स्कूल परिसर अतिक्रमण और ब्लॉक नाम परिवर्तन को लेकर मंत्री-विधायक को सौंपा ज्ञापन
रामगढ़/सोनभद्र। विकासखंड चतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ की वर्षों पुरानी जनसमस्याओं को लेकर स्थानीय पत्रकार जगरनाथ बिंद ने जोरदार तरीके से आवाज उठाई। उन्होंने जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सदर विधायक भूपेश चौबे एवं भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता को ज्ञापन सौंपते हुए तीन प्रमुख समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सरकारी सब्जी मंडी बंद, निजी भूमि पर लग रही बाजार — रोजाना लग रहा जाम
ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2013 के आसपास रामगढ़ में सरकारी भूमि पर विधिवत सब्जी मंडी का निर्माण कराया गया था। कुछ समय तक मंडी सुचारु रूप से चली भी, लेकिन बाद में राजनीतिक संरक्षण प्राप्त कुछ दबंगों द्वारा मुख्य गुरौटी रोड के किनारे निजी भूमि पर अवैध रूप से सब्जी बाजार संचालित कराया जाने लगा।
आरोप है कि निजी भूमि पर व्यापारियों से धन लेकर दुकानें लगवाई जा रही हैं, जिसके कारण प्रतिदिन भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। राहगीरों, आम नागरिकों और वाहन चालकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मांग की गई कि वर्तमान अव्यवस्थित बाजार को हटाकर पुनः सरकारी सब्जी मंडी स्थल, रामगढ़ पोखरी के पास प्राथमिक विद्यालय के निकट स्थानांतरित किया जाए, जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध है।
विद्यालय परिसर के पास अवैध कब्जा, गंदगी से बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा
दूसरे मुद्दे में रामगढ़-खलियारी मार्ग स्थित जिला परिषद की भूमि पर बने शिक्षा परिसर की बदहाल स्थिति उठाई गई। इसी परिसर में प्राथमिक विद्यालय, बीआरसी कार्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल विद्यालय संचालित हैं।
आरोप है कि कुछ दुकानदार दबंगों के संरक्षण में मासिक धनराशि देकर अवैध कब्जा जमाए हुए हैं। अस्थायी दुकानें और गुमटियां लगाकर मनमानी की जा रही है। इसके चलते स्कूल परिसर में गंदगी का अंबार लग गया है। स्कूल गेट से लेकर पूरे प्रांगण तक कचरा फैला रहता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने इसे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
चतरा ब्लॉक का नाम बदलकर ‘रामगढ़ ब्लॉक’ करने की उठी मांग
तीसरा बड़ा मुद्दा विकासखंड के नाम परिवर्तन से जुड़ा रहा। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान ब्लॉक का नाम “चतरा ब्लॉक” है, जबकि चतरा गांव स्वयं इस ब्लॉक क्षेत्र में न होकर रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक के अंतर्गत आता है। ऐसे में वर्तमान नाम भौगोलिक पहचान से मेल नहीं खाता।
स्थानीय लोगों ने मांग की कि क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक का नाम बदलकर रामगढ़ ब्लॉक किया जाए। उनका कहना है कि प्रभु श्रीराम के नाम से जुड़ा रामगढ़ क्षेत्र अपनी विशिष्ट पहचान रखता है।
कार्यक्रम के बाद पत्रकार जगरनाथ बिंद के आवास पर हुआ सम्मान समारोह
चतरा ब्लॉक का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लगभग 10 मिनट का विशेष कार्यक्रम पत्रकार जगरनाथ बिंद के आवास पर आयोजित हुआ। इस दौरान पत्रकार जगरनाथ बिंद (सोन की आवाज न्यूज़ विंध्याचल मंडल ब्यूरो चीफ एवं विज्ञापन प्रभारी) ने जनपद प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिला अध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा युवा मोर्चा रमेश बिंद सत्या तथा मंडल अध्यक्ष योगेंद्र बिंद को अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया। सम्मान समारोह के बाद सभी अतिथियों ने जलपान ग्रहण किया और प्रस्थान किया।
पत्रकार जगरनाथ बिंद ने कहा कि यह तीनों मुद्दे सीधे जनता, छात्रों और क्षेत्रीय विकास से जुड़े हैं। यदि प्रशासन शीघ्र संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है, तो रामगढ़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।





إرسال تعليق