सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
घर से कुछ ही दूरी पर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव
पन्नूगंज सोनभद्र । सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। रॉबर्ट्सगंज -खलियारी स्टेट हाईवे पर थाना परिसर से महज 100 मीटर दूर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना मृतक के घर से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे परिजनों समेत पूरे गांव में मातम और आक्रोश फैल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर फरार वाहन और चालक की पहचान में जुटी हुई है।
घटना से नाराज ग्रामीणों ने पन्नूगंज थाने का घेराव कर आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी वाहन की तलाश तेज कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।






إرسال تعليق