खाई में गिरने से बाल-बाल बचा परिवार, पेड़ बना जीवन रक्षक
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
रेणुकूट (सोनभद्र), 28 अप्रैल 2026 प्रभु की कृपा और एक पेड़ के सहारे आज एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह लगभग 8:30 बजे रेणुकूट से वाराणसी जा रहा एक परिवार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर खाई की ओर जा गिरी।
लेकिन किस्मत ने साथ दिया—खाई में गिरते समय एक मजबूत पेड़ के सहारे कार बीच में ही अटक गई। इसी कारण वाहन पूरी तरह नीचे नहीं गिरा और उसमें सवार सभी लोगों की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी बबलू सिंह अपनी टीम “टीम निशा” के सदस्यों के साथ बिना देर किए मौके पर पहुंचे। बबलू सिंह ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया, घायलों की स्थिति देखी और हर संभव मदद सुनिश्चित की। उनकी सक्रियता और मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
साथ ही पुलिस को भी तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
सबसे राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे के बावजूद परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने इसे मां काली की कृपा और समय पर मिली मदद का परिणाम बताया।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में बबलू सिंह और उनकी टीम जैसे समाजसेवी ही असली हीरो बनकर सामने आते हैं।




إرسال تعليق