सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में शिव मंदिर प्रांगण में चल रहा शिविर — योग, प्राणायाम और प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति लोगों को किया जा रहा जागरूक
बभनी, सोनभद्र । पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन तथा पतंजलि युवा भारत एवं महिला पतंजलि समिति बभनी के तत्वावधान में सहयोगी योग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 20 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक शिव मंदिर प्रांगण बभनी में किया जा रहा है। शिविर में प्रतिदिन साधकों को योगासन, प्राणायाम, सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार एवं ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है। शिविर में लगभग 30 भाई-बहन योग शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
रविवार 27 सितंबर की प्रातःकालीन योग कक्षा में स्वामी योगा प्रसाद महाराज ने साधकों को महर्षि पतंजलि द्वारा प्रतिपादित अष्टांग योग के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने योगिक जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, बैठक, दंड एवं विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने प्राकृतिक जीवनशैली एवं औषधीय पौधों के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए घरों में हरसिंगार, नीम, गिलोय और तुलसी जैसे पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खान-पान में संतुलन और नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया।
प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी ने साधकों को सूक्ष्म व्यायाम का प्रशिक्षण देते हुए उसके विभिन्न लाभों की जानकारी दी। उन्होंने पैरों के सूक्ष्म व्यायाम के माध्यम से शरीर में सक्रियता बढ़ाने तथा एड़ी, घुटने और हड्डियों से संबंधित सामान्य जकड़न एवं असहजता में उपयोगी होने वाले अभ्यास बताए। हाथ, कंधे और गर्दन के सूक्ष्म व्यायाम के साथ आंख, कान और नाक से संबंधित योगाभ्यास भी कराया गया।
मोटापा एवं शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर स्वामी योगा प्रसाद महाराज ने त्रिकोणासन, पश्चिमोत्तानासन, कोणासन, चक्की आसन, सूर्य नमस्कार तथा योगिक जॉगिंग सहित विभिन्न अभ्यास कराए। आयोजकों के अनुसार नियमित योगाभ्यास से कई साधकों को अपने स्वास्थ्य और वजन को लेकर सकारात्मक अनुभव प्राप्त हुए हैं। शिविर में प्राणायाम एवं ध्यान के अभ्यास से भी साधकों को लाभ मिलने की बात बताई गई।
शिविर के माध्यम से योग को केवल अभ्यास तक सीमित न रखते हुए घर-घर तक स्वस्थ जीवनशैली का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में स्वामी योगा प्रसाद महाराज एवं वीरेंद्र योगी द्वारा बभनी क्षेत्र के लगभग 10 किलोमीटर के दायरे में स्थित विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को योगासन, सूर्य नमस्कार एवं संतुलित खान-पान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जनता इंटर कॉलेज, आर्यभट्ट पब्लिक स्कूल, दक्षिणांचल इंटर कॉलेज और हेलो स्कूल बभनी सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बच्चों को योगाभ्यास की जानकारी दी गई।
पतंजलि युवा भारत बभनी के डॉ. हीरालाल, संयोजक मिथिलेश गुप्ता, अध्यक्ष रविशंकर, महामंत्री सुनील कुमार, सुजीत, मंत्री एवं अन्य प्रभारी सतेन्द्र कुमार, अमित, सूर्यकांत सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शिविर को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि योग ऋषियों, महर्षियों, देवऋषियों एवं संत परंपरा से चली आ रही योग साधना को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वामी रामदेव महाराज के योग, भारतीय शिक्षा बोर्ड एवं गोसेवा से जुड़े अभियानों को जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। बभनी के शिव मंदिर प्रांगण में चल रहा यह योग अनुष्ठान क्षेत्रवासियों को नियमित योग, प्राणायाम, ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।


إرسال تعليق