सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
जलनिकासी से लेकर राशन-लंच पैकेट तक की व्यवस्था तेज, जेसीबी-पोकलेन से सड़कें और नालियां हो रहीं दुरुस्त
सोनभद्र, 20 अगस्त 2026। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश से जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौर के निर्देशन में प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव, जलनिकासी, साफ-सफाई और जनसुविधाओं से जुड़े कार्य युद्धस्तर पर कराए जा रहे हैं। प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि जलभराव से प्रभावित किसी भी नागरिक को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
प्रभावित परिवारों तक पहुंच रही राहत सामग्री
जलभराव से प्रभावित घरों और बस्तियों में पानी निकालने का काम प्राथमिकता पर कराया जा रहा है। प्रशासनिक टीमों के साथ विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि भी राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं।
अंबेडकर नगर एवं शक्तिनगर क्षेत्र में प्रभावित परिवारों को बड़े पैमाने पर लंच पैकेट और राशन पैकेट वितरित किए जा रहे हैं, ताकि बारिश के बीच लोगों को भोजन एवं आवश्यक खाद्य सामग्री की परेशानी न हो।
प्रभावित गांवों और बस्तियों में लाउडस्पीकर से मुनादी कराकर लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से अपील की जा रही है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और जलभराव एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
नालियों की सफाई पर फोकस, मशीनों से हटाया जा रहा पानी-मलबा
जलनिकासी में बाधा बनी चोक नालियों की सफाई का अभियान तेज कर दिया गया है। कचरे, मिट्टी और मलबे से बंद नालियों को साफ कर जलनिकासी के रास्ते खोले जा रहे हैं। जहां जरूरत पड़ रही है, वहां मशीनों के जरिए पानी और मलबा हटाने का काम भी कराया जा रहा है।
जेसीबी-पोकलेन ने संभाला मोर्चा
भारी बारिश से प्रभावित सड़कों पर जमा मिट्टी और मलबे को हटाने के लिए जेसीबी एवं पोकलेन मशीनें लगातार काम कर रही हैं। इसी क्रम में औड़ी मोड़ से शक्तिनगर गेट तक क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़क के हिस्सों में गिट्टी आदि डालकर गड्ढों को भरने और सड़क को आवागमन योग्य बनाने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
डीएम का सख्त निर्देश—राहत कार्यों में न हो कोई ढिलाई
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत, जलनिकासी, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री वितरण और सड़क मरम्मत के कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभावित नागरिकों की समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। जलनिकासी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाया जाए।
जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मशीनरी एवं संसाधन मौके पर लगाए जा रहे हैं।
प्रशासन की अपील: भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, जलभराव एवं तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहें और लाउडस्पीकर सहित अन्य माध्यमों से जारी प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।


Post a Comment