सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर मिर्जापुर यासीन खान
स्वतंत्रता दिवस पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने दी राष्ट्रध्वज को सलामी, भूतपूर्व सैनिक एक्स हवलदार त्रिलोकनाथ वर्मा रहे विशेष अतिथि
मिर्जापुर। थाना अदलहाट क्षेत्र के ग्राम गरौंडी स्थित चिल्ड्रन केयर स्कूल अंग्रेजी माध्यम के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में पूरे सम्मान और उत्साह के साथ राष्ट्रध्वज फहराया गया। तिरंगा फहराते ही पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
झंडारोहण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रिंसिपल प्रदीप कुमार तथा सीता प्रजापति के साथ शिक्षकगण अभिषेक कुमार, प्रीति सिंह, आंचल, अनम खान, जोया बानो एवं अफरा बानो सहित विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी की उपस्थिति में राष्ट्रध्वज को फहराकर देश को सलामी दी गई।
कार्यक्रम में भूतपूर्व सैनिक एक्स हवलदार त्रिलोकनाथ वर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गौरवपूर्ण बना दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की स्वतंत्रता के लिए किए गए वीरों के त्याग, बलिदान और संघर्ष की प्रेरणादायी जानकारी देते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन देशभक्ति का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के वीर सपूतों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का संकल्प लेने का अवसर है। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अंत में सभी ने एक स्वर में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ राष्ट्रध्वज को नमन किया।




















Post a Comment