सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
लोहे की रॉड लेकर पहुंचने की शिकायत, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस से निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग
रामपुर बरकोनिया/सोनभद्र। थाना रामपुर बरकोनिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत डोमरिया स्थित चौराहे पर शुक्रवार की रात कथित विवाद को लेकर माहौल तनावपूर्ण होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ग्रामीणों की ओर से थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर एक व्यक्ति पर आपत्तिजनक गाली-गलौज करने, माहौल बिगाड़ने तथा लोहे की रॉड लेकर मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे डोमरिया के बीच चौराहे पर कथित रूप से बब्बर आलम नामक व्यक्ति द्वारा लोगों के साथ विवाद करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इसके बाद वह लोहे की रॉड लेकर लोगों से मारपीट करने के प्रयास में जुट गया, जिससे मौके पर भय और आक्रोश का माहौल उत्पन्न हो गया।
घटना के बाद उपस्थित लोगों द्वारा 112 पुलिस को सूचना दिए जाने की बात भी प्रार्थना पत्र में कही गई है। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की निष्पक्ष जांच की जाए तथा संबंधित व्यक्ति के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड एवं अन्य मामलों की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है। ऐसे में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
नोट: यह खबर शिकायत-पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Post a Comment