Top News

अनपरा नगर पंचायत के वार्ड न. 11 की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी हुई कई महीनों से खराब ।

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 


जिम्मेदारों को कई बार दी गई सूचना, फिर भी नहीं हुई कोई कार्रवाई। वार्ड न.7 की गाड़ी से हो रही खानापूर्ति।

अनपरा, सोनभद्र। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर 11 भरत नगर (अनपरा गांव) में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है। इसके बावजूद अब तक गाड़ी को दुरुस्त कराकर नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

वार्ड नंबर 11 के सभासद अंगद सिंह ने बताया कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी खराब होने की सूचना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को कई बार दी जा चुकी है। इसके अलावा ठेकेदार के सुपरवाइजर से भी प्रतिदिन गाड़ी की व्यवस्था कराने को लेकर बात की जाती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, वार्ड में नियमित कूड़ा उठान नहीं होने के कारण उन्हें कूड़ा इधर-उधर फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस समय बरसात का मौसम होने के कारण जगह-जगह जमा कूड़े से दुर्गंध और गंदगी फैलने के साथ ही संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।

बताया गया कि वार्ड नंबर 11 में कूड़ा उठाने के लिए फिलहाल वार्ड नंबर 7 की गाड़ी को जुगाड़ के तौर पर भेजा जाता है। लेकिन उक्त वाहन पहले अपने वार्ड में कूड़ा उठाने का काम करता है और उसके बाद वार्ड नंबर 11 पहुंचता है। ऐसे में गाड़ी के आने का कोई निश्चित समय नहीं होने से कई बार स्थानीय लोग उसमें कूड़ा नहीं डाल पाते। परिणामस्वरूप कई स्थानों पर कूड़ा अस्त-व्यस्त पड़ा दिखाई देता है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वार्ड नंबर 7 की गाड़ी से वार्ड 11 में महज खानापूर्ति हो रही है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़ी कूड़ा उठाने वाली गाड़ी को तत्काल ठीक कराया जाए अथवा वार्ड के लिए नियमित रूप से अलग वाहन की व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात के मौसम में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो।

वहीं, नगर पंचायत अनपरा के अध्यक्ष विश्राम बैसवार से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह नगर पंचायत कार्यालय जा रहे हैं और वहां पहुंचकर मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे।

अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन वार्डवासियों की समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume