सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
चतरा (सोनभद्र), 11 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में शनिवार को राजकीय पशु चिकित्सालय चतरा में प्रधानमंत्री के वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधों का वितरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा ग्रामीणों को पौधे वितरित कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अपर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर फार्मासिस्ट विपिन बिहारी, पशु वाहन चालक शिव गोविंद, संतोष (पैरावेट), धनंजय (पैरावेट), पशु मित्र, जगन्नाथ प्रसाद (पत्रकार), अखिलेश कुमार गुप्ता (पत्रकार) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और प्रधानमंत्री के इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा हरियाली बढ़ाने के लिए समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की गई। पूरे आयोजन में उत्साह और जनभागीदारी देखने को मिली, जिससे प्रधानमंत्री के "एक पेड़ माँ के नाम" एवं हरित भारत के संकल्प को नई मजबूती मिली।


Post a Comment