सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
कुसुमलता त्रिवेद पर्यावरण सम्मान से नवाजा, वन-पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता का लिया संकल्प
ओबरा, सोनभद्र। वनवासियों के हित, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पिछले तीन दशकों से निरंतर सक्रिय अग्रणी सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रसाद खरवार को स्थानीय समता भवन में आयोजित कार्यक्रम में कुसुमलता त्रिवेद पर्यावरण सम्मान से सम्मानित किया गया। उनके लंबे सामाजिक एवं पर्यावरणीय योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में ओबरा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिंह यादव ने रामप्रसाद खरवार को शाल, अंगवस्त्र, मानपत्र, बर्तन एवं 1100 रुपये की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर उपस्थित लोगों ने उनके पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की सराहना की।
विचार मंच के संयोजक नरेंद्र नीरव ने बताया कि रामप्रसाद खरवार ने बीते करीब तीन दशकों में निरंतर मेहनत और समर्पण के बल पर 10 वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में जंगल तैयार करने का उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में खरवार का योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है और उनकी सक्रियता आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती है।
कार्यक्रम में विचार मंच के कार्यकर्ता स्व. लल्लू दूबे के पुत्र पवन कुमार, शिव कुमार, रामाधार गुप्त, विशंभर खरवार, अजीत गोड़, कौशल्या देवी, सतरंगी प्रसाद, राम धनी खरवार, बबलू पटेल, संजय यादव एवं अखिलेश जिज्ञासु सहित अन्य लोगों ने वन एवं पर्यावरण सुरक्षा तथा जनजागरूकता के विषय पर अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि जंगल और पेड़ केवल पर्यावरण का आधार नहीं, बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा और भविष्य की पीढ़ियों की विरासत हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, खेत और आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों को गमछा भेंट किया गया। अंत में अपने घर और आसपास वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर सक्रिय रहने का सामूहिक संकल्प लिया गया। आयोजन पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।





إرسال تعليق