Top News

दुर्गम इलाकों के ग्रामीणों ने बुलंद की भौमिक अधिकार की आवाज

 


कनछ में मूल निवासी अधिकार मंच की बैठक,

433 गांवों की भूमि को संक्रमणीय भूमिधर अधिकार देने की उठी मांग

सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर चंदन कुमर




चोपन, सोनभद्र।
परगना अगोरी, दुद्धी और सिंगरौली क्षेत्र के 433 गांवों में गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट वर्ग 1-ख की भूमि को संक्रमणीय भूमिधर अधिकार दिए जाने की मांग को लेकर रविवार को चोपन ब्लॉक के कनछ गांव में मूल निवासी अधिकार मंच की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। दुर्गम और दूरस्थ इलाकों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि अधिकार से जुड़ी अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि जब तक भूमि पर अधिकार स्पष्ट नहीं होगा, तब तक ग्रामीणों के विकास और सरकारी सुविधाओं का लाभ अधूरा रहेगा।

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र के अनेक परिवार लंबे समय से गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट वर्ग 1-ख की भूमि पर अपने अधिकारों को लेकर जटिल परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं। भूमि के अभिलेखों और अधिकारों से संबंधित प्रक्रियाओं की जटिलता के कारण ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रक्रियाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याएं मंच के समक्ष रखते हुए कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों की आवाज अक्सर प्रशासनिक स्तर तक पूरी मजबूती से नहीं पहुंच पाती। ऐसे में गांव-गांव बैठक कर वास्तविक समस्याओं को एकत्रित करना और उन्हें संगठित तरीके से संबंधित अधिकारियों तथा शासन के समक्ष रखना समय की जरूरत है।

433 गांवों के भूमि अधिकार का मुद्दा, अभियान तेज करने का संकल्प

मूल निवासी अधिकार मंच के संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अगोरी, दुद्धी और सिंगरौली क्षेत्र के गांवों में भूमि अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपने भूमि संबंधी अभिलेखों और समस्याओं का पूरा विवरण मंच को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि समस्याओं को व्यवस्थित रूप से संबंधित अधिकारियों और शासन के समक्ष रखा जा सके।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गांव स्तर पर समझने और उन्हें एकजुट आवाज देने के लिए लगातार बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठक का संचालन पूर्व ग्राम प्रधान महेश जायसवाल ने किया, जबकि अध्यक्षता राम बदन गोड़ ने की। इस दौरान अशोक मौर्या, शिव लाल, गजानंद गुप्ता, योगेंद्र चंद्रवंशी, रामेश्वर, गोवर्धन, मोतीलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।





Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume