Top News

रावटसगंज में पतंजलि परिवार का भव्य सम्मान समारोह, राज्य प्रभारियों का हुआ अभिनंदन

 सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद 

योग साधकों का सम्मान, युवा योगी अमृत राज की प्रतिभा को मिला विशेष पुरस्कार




ओबरा/रावटसगंज, सोनभद्र।
पतंजलि परिवार सोनभद्र के सभी संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मारवाड़ी धर्मशाला, रावटसगंज में भव्य "सम्मान समारोह-26" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पूर्व के पतंजलि योग समिति के राज्य प्रभारी श्रद्धेय दुर्गेश जी एवं भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी श्रद्धेय श्रीभगवान जी का अंगवस्त्र, पगड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में भारत स्वाभिमान सोनभद्र के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रवि प्रकाश त्रिपाठी तथा जिला संरक्षक मनोज सिंह ने दोनों राज्य प्रभारियों का सम्मान किया। इस अवसर पर कक्षा-7 के छात्र एवं उभरते युवा योग साधक अमृत राज को योग आसनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर अंगवस्त्र एवं भगवान श्रीकृष्ण का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अमृत राज वर्तमान में जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी के मार्गदर्शन में योग प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास एवं प्राणायाम से हुई, जिसमें जिलेभर से आए सैकड़ों योग शिक्षक एवं साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। राज्य प्रभारी दुर्गेश जी ने अपने संबोधन में कहा कि परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज एवं केंद्रीय प्रभारी भाई राकेश जी के नेतृत्व में पूर्वी उत्तर प्रदेश में योग एवं आयुर्वेद का व्यापक विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव, कस्बे और शहर में योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं तथा नियमित योगाभ्यास से समाज स्वस्थ एवं जागरूक बन रहा है। उन्होंने योग आसनों में कम से कम पांच मिनट तक ठहराव के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "ठहर गया योगी, बह गया भोगी।"

भारत स्वाभिमान के राज्य प्रभारी श्रीभगवान जी ने प्राणायाम के वैज्ञानिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए भस्त्रिका, कपालभाति, बाह्य, अग्निसार, उज्जायी, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, उद्गीत एवं प्रणव प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर के किडनी, लीवर और पैंक्रियाज सहित सभी महत्वपूर्ण अंगों को ऊर्जा मिलती है तथा मानसिक एवं आध्यात्मिक शक्ति का विकास होता है। उन्होंने युवा योगी अमृत राज के चक्रासन, मयूरासन, शीर्षासन, लौली एवं गर्भासन जैसे कठिन योगासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सोनभद्र जनपद में योग के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और पतंजलि परिवार के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र में योग शिक्षा का विस्तार किया जा रहा है।

समारोह में दुद्धी, ओबरा, रेणुकूट, अनपरा, रेणुसागर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए योग शिक्षक, पदाधिकारी एवं साधक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में शांति पाठ के साथ सम्मान समारोह-26 का समापन हुआ।

Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume