एएसपी नगर मेविस टॉक ने कोन थाने में परखी पुलिसिंग की हकीकत
सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
साफ-सफाई से लेकर अभिलेखों तक का लिया जायजा, फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
सोनभद्र। अपर पुलिस अधीक्षक नगर सोनभद्र मेविस टॉक ने शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को थाना कोन का आकस्मिक निरीक्षण कर थाने की व्यवस्थाओं एवं पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लिया। अचानक हुए निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही।
निरीक्षण के दौरान एएसपी नगर ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मालखाना, हवालात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। संबंधित अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने थाने पर अपनी फरियाद लेकर आने वाले आमजन की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनने तथा उनका निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
एएसपी नगर ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी गश्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना-पत्रों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण करने को कहा गया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ करें। पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हो।
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान एएसपी नगर ने पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए।


إرسال تعليق