सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
‘हमारी कीर्ति’ अभियान से बेटियों की खुशियों को मिलेगा सहारा
‘सोन अर्थ’ उत्पादों को प्रदेश से देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी
सोनभद्र। बेटियों के संरक्षण, सहयोग और महिला सशक्तिकरण को नई ताकत देने की पहल के तहत आकांक्षा समिति ने ‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ किया। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समिति की बैठक में बाल संरक्षण, बच्चियों की खुशियों और महिला समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर के साथ संचालित दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चियों कीर्ति और गौरी के लिए दशहरा एवं दीपावली के अवसर पर जनपदवासी स्वेच्छा से सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चियों के लिए आवश्यक सामग्री अथवा इच्छानुसार आर्थिक सहयोग देकर लोग ‘हमारी कीर्ति’ अभियान से जुड़ सकते हैं। समाज के अपनत्व और सहयोग से इन बच्चियों के जीवन में खुशियों के रंग भरने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक के मोबाइल नंबर 8318359154 पर संपर्क कर सकते हैं।
‘सोन अर्थ’ को मिलेगी बाजार की नई उड़ान
बैठक में प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘सोन अर्थ’ उत्पादों को प्रदेश और देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। आरुषी मिश्रा ने कहा कि आकांक्षा समिति उत्पादों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और बाजार से जुड़ाव बढ़ाने के लिए पहल करेगी, ताकि बिक्री बढ़ने के साथ महिलाओं को उनके श्रम का बेहतर आर्थिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाना और महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना समिति की प्राथमिकता है। ‘हमारी कीर्ति’ अभियान केवल सहयोग की पहल नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।
बैठक में एसडीएम मुख्यालय आकांक्षा गौतम, डॉ. दीप्ति सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या शुक्ला, प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

إرسال تعليق