सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सुनील कुमार बिंद
ग्रामीणों से फोन पर लिया सीधा फीडबैक, अनियमित पानी पर सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश
सोनभद्र। जल जीवन मिशन की ‘हर घर को नल से जल’ योजना की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने खुद मोर्चा संभाला। कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा के दौरान डीएम ने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों को सीधे फोन मिलाकर पेयजल आपूर्ति का फीडबैक लिया। कई गांवों में नियमित पानी नहीं मिलने की शिकायत सामने आने पर डीएम ने जिम्मेदारों पर सख्त रुख अपनाया।
लोढ़ी, बभनौली, पसही कला, तेंदुहार, अदलगंज, लोहरा और सोनबरसा समेत कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अनियमित पेयजल आपूर्ति की शिकायत की। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पटवध समूह पेयजल योजना से संबंधित कंपनी को नोटिस जारी करने तथा संबंधित सहायक अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन सीधे ग्रामीणों की जरूरत से जुड़ी योजना है। इसमें लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी। हर पात्र परिवार तक नियमित और सुचारु पेयजल पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि पटवध समूह पेयजल योजना से जुड़े गांवों में जांच के लिए दो दिवस के भीतर टीम गठित की जाए। टीम पाइपलाइन, नल कनेक्शन, पानी की उपलब्धता और नियमित आपूर्ति की वास्तविक स्थिति की पड़ताल कर पांच दिवस में विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
उन्होंने कहा कि योजना कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर ग्रामीणों के घर तक पानी पहुंचाती हुई नजर आनी चाहिए। ग्रामीणों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो और लापरवाही मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जल जीवन मिशन के कंपनी प्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

إرسال تعليق