सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सुनील कुमार बिंद
किश्त बकाया का डर दिखाकर जबरन वाहन कब्जाने का आरोप, ट्रेलर समेत दो पल्सर बरामद
सोनभद्र, 05 अक्टूबर 2026। फाइनेंस कंपनी के नाम पर हाईवे पर ट्रेलर रोककर चालक से मारपीट और जबरन वाहन कब्जाने के मामले में रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना से संबंधित ट्रेलर के साथ दो पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का सीजिंग कर्मचारी बताते हुए किश्त बकाया होने का भय दिखाकर हाईवे पर ट्रेलर रुकवाया। चालक को जबरन वाहन से उतारकर ट्रेलर कब्जे में लेने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर चालक के साथ मारपीट की गई और केबिन की खिड़की से उसका गला दबाने का भी प्रयास किया गया। इसके बाद ट्रेलर को हिन्दुआरी स्थित यार्ड ले जाया जा रहा था।
मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीनों आरोपी हिन्दुआरी पुलिया के पास बाबा ढाबा के नजदीक मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आशु सिंह, सूरज पाण्डेय और संतोष सिंह को करीब 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे श्रीराम फाइनेंस कंपनी में सीजिंग का काम करते हैं और किश्त बकाया वाहनों को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा करते हैं। पुलिस के मुताबिक, 04/05 अक्टूबर की रात ट्रेलर को कब्जे में लेकर ले जाते समय वह खराब हो गया, जिसके बाद उसे डीआर ड्रीम होटल के सामने छोड़ दिया गया।
बरामदगी में एक ट्रेलर, एक पल्सर और एक बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है। दोनों मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
कार्रवाई एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में एएसपी मुख्यालय मेविस टॉक व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा अपराध निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव के नेतृत्व में हुई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

إرسال تعليق