सोन की आवाज न्यूज़ सुनील कुमार बिंद
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा- समय पर पूरा हो प्रोजेक्ट, गुणवत्ता से खिलवाड़ हुआ तो तय होगी जिम्मेदारी
सोनभद्र, 05 अक्टूबर 2026। सिन्दुरिया एक्सीलेंस सेंटर के निर्माण की धीमी रफ्तार पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ का तेवर सख्त नजर आया। कलेक्ट्रेट सभागार में निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की सुस्त प्रगति पर नाराजगी जताते हुए काम की रफ्तार तत्काल बढ़ाने और जरूरत के मुताबिक दो-तीन शिफ्ट में निर्माण कराने के कड़े निर्देश दिए।
डीएम ने उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, प्रयागराज के परियोजना प्रबंधक को पर्याप्त श्रमिक और संसाधन उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण परियोजना में अनावश्यक देरी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं होगी।
बैठक में सीएंडडीएस द्वारा कराए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा हुई। डीएम ने दोनों कार्यदायी संस्थाओं को समयबद्ध निर्माण, नियमित मॉनिटरिंग और लगातार साइट निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने साफ कहा कि रफ्तार बढ़ाने के साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। निर्माण सामग्री, तकनीकी मानकों और प्रत्येक चरण की गुणवत्ता की नियमित जांच कराई जाए। मानकों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी और संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण की प्रगति की नियमित समीक्षा हो और किसी भी स्तर पर शिथिलता सामने आते ही तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सिन्दुरिया एक्सीलेंस सेंटर जिले की महत्वपूर्ण परियोजना है, इसलिए इसे पूरी क्षमता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

إرسال تعليق