सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
35 वर्षों से चली आ रही है पूजा की परंपरा, भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुतियों और डांडिया कार्यक्रम से सजेगी महफिल
अनपरा (सोनभद्र)। अनपरा तापीय परियोजना आवासीय परिसर स्थित बस अड्डे पर नव युवक सेना श्री दुर्गा पूजा समिति की ओर से शारदीय नवरात्रि के अवसर पर भव्य दुर्गा पूजा पंडाल का आयोजन किया गया है। समिति के अध्यक्ष मृदुल रंजन श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष पंडाल को गुजरात के राजकोट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर की तर्ज पर तैयार किया गया है।
प्रश्न 1: इस वर्ष दुर्गा पूजा पंडाल की सबसे बड़ी खासियत क्या है?
उत्तर: इस बार पंडाल को गुजरात के राजकोट स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर की तर्ज पर बनाया गया है। पंडाल को भव्य और आकर्षक रूप देने का प्रयास किया गया है। हम क्षेत्रवासियों से अपील करते हैं कि वे स्वयं यहां आकर मां दुर्गा के दर्शन करें और पंडाल की भव्यता का अनुभव करें।
प्रश्न 2: दुर्गा पूजा आयोजन की परंपरा कितने वर्षों पुरानी है?
उत्तर: हमारे यहां दुर्गा पूजा की परंपरा पिछले 35 वर्षों से लगातार चली आ रही है। समिति इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हर वर्ष श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजन करती है। हमारा प्रयास है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक परंपरा से जुड़ी रहें।
प्रश्न 3: आयोजन का अनुमानित बजट कितना है और इसके लिए सहयोग कैसे मिलता है?
उत्तर: दुर्गा पूजा का आयोजन समिति के सदस्यों के आपसी सहयोग और अनपरा कॉलोनी परिसर के अधिकारियों के विशेष आर्थिक सहयोग से संभव हो पाता है। सभी के सामूहिक प्रयास से आयोजन को भव्य रूप देने में मदद मिलती है।
प्रश्न 4: श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं?
उत्तर: श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन पुलिस प्रशासन की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
प्रश्न 5: पूजा के दौरान कौन-कौन से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे?
उत्तर: इस बार भोजपुरी कलाकार गोलू राजा, आर्यन बाबू और पुनीत पागल सहित अन्य कलाकारों एवं गायकों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मुख्य कार्यक्रम 19 अक्टूबर को रहेगा। इसके अलावा 17 और 18 अक्टूबर को डांडिया समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रश्न 6: आयोजन में स्थानीय लोगों और प्रशासन का कैसा सहयोग मिल रहा है?
उत्तर: आयोजन में स्थानीय लोगों और प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है। जरूरत पड़ने पर प्रशासन की ओर से भी सहायता मिलती है। सभी के सहयोग और सहभागिता से ही इतने वर्षों से यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।
प्रश्न 7: क्षेत्रवासियों से आपकी क्या अपील है?
उत्तर: हम क्षेत्रवासियों से अपील करते हैं कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंडाल में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करें और समिति के सदस्यों की मेहनत एवं प्रयासों को प्रोत्साहित करें। हमारा उद्देश्य केवल अनपरा कॉलोनी तक सीमित नहीं है, बल्कि अनपरा और आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक श्रद्धालु यहां आएं और पंडाल की भव्यता का आनंद लें।
इस वक्तव्य के दौरान वहां पर समिति के अध्यक्ष श्री मृदुल रंजन श्रीवास्तव समेत समिति के पदाधिकारी विष्णु देव झा, प्रशांत उपाध्याय, सुजीत सोनी, विशाल शाही, उदय नारायण सिंह, सोनू कंसल एवं पुष्पराज सिंह आदि मौजूद रहे।

إرسال تعليق