सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
नवरात्रि से दीपावली तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पैनी नजर
सोनभद्र, 08 अक्टूबर। नवरात्रि, रामलीला, दशहरा और दीपावली को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कलेक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी एवं विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर अधिकारियों को सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि जनपद में किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। पूजा पंडालों, रामलीला स्थलों और प्रमुख आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के साथ विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने एसडीएम और सीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर आयोजन समितियों से समन्वय बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न होने देने को कहा।
फेक न्यूज पर रहेगी पैनी नजर
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और फेक न्यूज को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल खंडन की कार्रवाई की जाए और आमजन भी बिना पुष्टि किसी संदेश को आगे न बढ़ाएं।
नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सौहार्द को मजबूत करने का अवसर हैं। सभी समुदाय एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्वों को मिल-जुलकर मनाएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुनाल, सीओ, एसडीएम, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, पूजा आयोजन समितियों के प्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Post a Comment