Top News

रेणुकूट–अनपरा हाईवे बना मौत का जाल, सड़क किनारे गहरे गड्ढों ने बढ़ाया खतरा

 

सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 




प्रशासन की लापरवाही भारी, बारिश में जलभराव से हर पल मंडरा रहा बड़े हादसे का खतरा

अनपरा/सोनभद्र ।रेणुकूट– अनपरा हाईवे इन दिनों वाहन चालकों के लिए सुविधा का नहीं, बल्कि मौत का रास्ता बनता जा रहा है। हाईवे के किनारे बने गहरे और खतरनाक गड्ढे प्रशासन की घोर लापरवाही की पोल खोल रहे हैं। मानसून की बारिश ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। गड्ढों में भरे पानी के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है, जिससे हर गुजरने वाला वाहन दुर्घटना के मुहाने पर खड़ा नजर आता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे लंबे समय तक भारी ट्रकों की अवैध और अनियंत्रित पार्किंग के कारण पटरी पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जगह-जगह बने विशाल गड्ढे अब हादसों को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह हाईवे किसी खूनी ट्रैप से कम नहीं रह गया है। कई बार चालक पानी भरे गड्ढों का सही अनुमान नहीं लगा पाते और पल भर में दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।

क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार विभाग सब कुछ देखकर भी आंखें मूंदे बैठा है। सवाल उठ रहा है कि आखिर किसी बड़े हादसे या निर्दोष की जान जाने का इंतजार क्यों किया जा रहा है?

क्षेत्रीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि हाईवे किनारे बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जलभराव की समस्या दूर की जाए और सड़क किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा पूरे क्षेत्र को झकझोर सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume