रामनगर के गोला घाट बघेली टोला में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध बाउंड्री वॉल ध्वस्त
वाराणसी रिपोर्टर रोशन सिंह की खास रिपोर्ट
वाराणसी/रामनगर । रामनगर क्षेत्र के गोला घाट स्थित बघेली टोला में गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पहुंचे अभियान दल ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध रूप से निर्मित बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बघेली टोला क्षेत्र में सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर बाउंड्री वॉल खड़ी किए जाने की शिकायतें लगातार प्रशासन को प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने भूमि की पैमाइश कराई, जिसमें निर्माण को अवैध पाया गया। इसके बाद कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई।
गुरुवार को नगर निगम और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मौके पर पहुंची और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि जनहित और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।




إرسال تعليق