सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
अवधूत भगवान राम पीजी कॉलेज में हुआ भव्य सम्मान, राजस्थान यूथ पार्लियामेंट के लिए भी चयनित हुईं नमीरा
अनपरा/सोनभद्र। प्रतिभा जब मंच पर बोलती है तो उसकी गूंज दूर तक सुनाई देती है। ऐसा ही कर दिखाया अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अनपरा की बीए प्रथम वर्ष की छात्रा नमीरा ने, जिन्होंने प्रदेश स्तरीय विकसित भारत युवा संसद-2026 में अपने प्रभावशाली एवं ओजस्वी वक्तव्य से न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे सोनभद्र जनपद का मान बढ़ाया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत युवा संसद-2026 का आयोजन 2 मई 2026 को उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में संपन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए लगभग 300 से अधिक युवाओं ने “संघीय बजट-2026” एवं “विकसित भारत-2047” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
इसी मंच पर छात्रा नमीरा ने अपने बेबाक अंदाज, तार्किक सोच और प्रभावशाली अभिव्यक्ति से सदन में उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके वक्तव्य को खूब सराहा गया और युवाओं की नई सोच के रूप में देखा गया।
नमीरा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अवधूत भगवान राम स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह ने छात्रा को सम्मानित करते हुए कहा कि नमीरा जैसी प्रतिभाएं संस्थान की पहचान होती हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
महाविद्यालय प्रबंधन समिति ने भी छात्रा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि नमीरा का चयन अब राजस्थान यूथ पार्लियामेंट के लिए भी हो चुका है, जहाँ वे पुनः अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय एवं सोनभद्र का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



إرسال تعليق