Top News

तेज रफ्तार का कहर: ओबरा में टिपर की टक्कर से युवक की मौत

 सोने की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 


सिंगरौली निवासी करन यादव ने रास्ते में तोड़ा दम, चालक फरार — जांच जारी


ओबरा सोनभद्र ।
ओबरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां चोपन रोड स्थित शारदा मंदिर के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिंगरौली निवासी युवक करन यादव की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि करन यादव अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक टिपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि करन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए तत्काल उन्हें ऑटो के जरिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक की पहचान करन यादव (पुत्र राजकुमार यादव), निवासी सिंगरौली के रूप में हुई है, जो रेलवे से जुड़ी सिंहा एंटरप्राइजेज कंपनी में ठेकेदार के साथ कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त वह बाइक संख्या UP 64 AB 1983 से जा रहा था, तभी टिपर संख्या UP 70 BT 8221 ने उसे टक्कर मार दी।

हादसे के बाद टिपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बाइक और टिपर दोनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में खनन कार्य के दौरान ओवरलोड और तेज रफ्तार टिपरों का संचालन लगातार जारी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। परिवहन विभाग की लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है।

सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी है।

👉 इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

أحدث أقدم
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume