सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के सख्त निर्देश, भूमि मामलों में संयुक्त कार्रवाई पर जोर
सोनभद्र | 02 मई 2026
जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने तहसील ओबरा में संयुक्त रूप से जन शिकायतों की सुनवाई की।
इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए, ताकि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और मामलों का शीघ्र व न्यायोचित समाधान हो सके।
प्रशासनिक सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या देरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल द्वारा तहसील दुद्धी में समाधान दिवस के दौरान जन समस्याएं सुनी गईं। वहीं जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने सर्किल की तहसीलों में उपस्थित रहकर आम जनता की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते नजर आए।
‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ के इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रशासन जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध भी।



إرسال تعليق