सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
सीओ सुधीर कुमार सिंह ने गांधी और शास्त्री जी को अर्पित की श्रद्धांजलि, सत्य-अहिंसा और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पन्नूगंज थाना परिसर में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प का वातावरण देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में सदर क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने दोनों महान विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह, पन्नूगंज थानाध्यक्ष श्रीनिवास पाण्डेय सहित थाना परिसर में मौजूद समस्त पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रेरणादायी मंत्र ‘जय जवान, जय किसान’ को स्मरण किया।
क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श आज भी पूरे देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और नैतिकता के माध्यम से राष्ट्र को नई दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की मिसाल कायम की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों का आह्वान करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में ईमानदारी, अनुशासन, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करना चाहिए। महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रसेवा, कर्तव्यपरायणता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।





Post a Comment