सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
विंढमगंज पुलिस ने 26.280 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बिना नंबर की बाइक पकड़ी
विंढमगंज (सोनभद्र)। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धी के तहत विंढमगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 26 लीटर 280 एमएल अवैध अंग्रेजी शराब तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को विंढमगंज रेलवे स्टेशन जाने वाले मोड़ के पास दोनों आरोपी बाइक पर बोरी में शराब भरकर तस्करी कर रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुरारी राम (41) और सुरेन्द्र राम (19) निवासी ग्राम संध्या, थाना विशुनपुरा, जनपद गढ़वा, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद शराब में रॉयल स्टैग की 48 बोतल (180 एमएल), 24 बोतल (375 एमएल) और स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 की 48 बोतल (180 एमएल) शामिल हैं। मामले में थाना विंढमगंज में मु0अ0सं0-121/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक रामधनी सिंह और पुलिस टीम ने की।

Post a Comment