सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
किसान सेवा आश्रम अब ट्रस्ट के रूप में करेगा समाजसेवा, जरूरतमंदों को मिलेगा सहारा
देवशरण सिंह उर्फ बाबा अध्यक्ष और संतोष कुमार पाठक उपाध्यक्ष चुने गए
सोनभद्र, 11 सितंबर। समाज के जरूरतमंद, असहाय और वंचित लोगों को सहयोग एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में किसान सेवा आश्रम ने नई पहल की है। राबर्ट्सगंज तहसील परिसर में शुक्रवार को आयोजित बैठक में किसान सेवा आश्रम का ट्रस्ट के रूप में गठन एवं पंजीकरण कराया गया। बैठक की अध्यक्षता देवशरण सिंह उर्फ बाबा ने की और संचालन अधिवक्ता पवन कुमार सिंह ने किया।
ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को सहयोग, संरक्षण, शिक्षा, स्वावलंबन और विकास के अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत अनाथालय, विधवा आश्रम तथा महिलाओं के विकास एवं सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और रोजगारपरक गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंदों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की भी योजना है।
सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन
बैठक में सर्वसम्मति से देवशरण सिंह उर्फ बाबा को अध्यक्ष, संतोष कुमार पाठक को उपाध्यक्ष तथा प्रमोद कुमार सिंह कोषाध्यक्ष चुना गया। ट्रस्ट में पवन कुमार सिंह, जग्गू यादव, श्रीपति सिंह, अनिल कुमार तिवारी, राजेश कुमार यादव और राजकुमार सिंह सहित अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रमुख सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
सिर्फ मदद नहीं, आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य
ट्रस्ट के अध्यक्ष देवशरण सिंह उर्फ बाबा ने कहा कि किसान सेवा आश्रम का प्रयास समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाना होगा। विशेष रूप से अनाथ बच्चों, विधवाओं और महिलाओं को सम्मानजनक जीवन, आत्मनिर्भरता और विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों को आर्थिक या अन्य सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसके लिए समय-समय पर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और स्वावलंबन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर राजेश कुमार यादव, राजेंद्र कुमार यादव, फूल सिंह पटेल, विनय कुमार सिंह, दशरथ यादव, राजकुमार सिंह, शाहनवाज आलम खान, टीटू कुमार गुप्ता, आदर्श देव पांडेय, नवीन पांडेय और अजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Post a Comment