Top News

अब सीसीटीवी की नजर में होंगे सोनभद्र के स्कूल, पढ़ाई से सुरक्षा तक हर गतिविधि पर निगाह

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

कक्षाओं की पढ़ाई, शिक्षक-बच्चों की उपस्थिति, मिड-डे-मील और स्वच्छता की होगी प्रभावी मॉनिटरिंग

डीएम चर्चित गौड़ की पहल से कम्पोजिट विद्यालय कनच, पेढ़ और धुरकरी में कैमरे लगाने का काम शुरू


सोनभद्र।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सोनभद्र में अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर कम्पोजिट विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पहले चरण में कम्पोजिट विद्यालय कनच, पेढ़ और धुरकरी में कैमरे लगाने का काम शुरू किया गया है।

सीसीटीवी के जरिए कक्षाओं में चल रही पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ शिक्षकों की उपस्थिति व समयबद्धता तथा बच्चों की नियमित उपस्थिति पर नजर रखी जा सकेगी। इससे विद्यालयों में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।

मिड-डे-मील से रसोई की सफाई तक निगरानी

कैमरों की निगरानी सिर्फ कक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी। मिड-डे-मील की तैयारी और वितरण, भोजन की स्वच्छता, रसोईघर एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर भी नजर रखी जा सकेगी। विद्यालय में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और परिसंपत्तियों की सुरक्षा की निगरानी भी प्रभावी तरीके से होगी।

बच्चों की सुरक्षा होगी और मजबूत

बच्चों के विद्यालय पहुंचने से लेकर छुट्टी होने तक परिसर की गतिविधियों पर नजर रहने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। किसी आकस्मिक घटना या अव्यवस्था की स्थिति में वास्तविक स्थिति की जानकारी तत्काल प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई भी की जा सकेगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की इस पहल का उद्देश्य महज निगरानी करना नहीं, बल्कि तकनीक के जरिए शिक्षा, सुरक्षा, स्वच्छता, अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है। विद्यालयों में सीसीटीवी व्यवस्था से न सिर्फ व्यवस्थाओं की निगरानी बेहतर होगी, बल्कि बच्चों के लिए सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume