Top News

डीआईजी पूनम का सख्त निर्देश: अपराधियों पर कसें शिकंजा, गो-तस्करों की संपत्ति होगी जब्त

 सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद 

गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी अलर्ट मोड में पुलिस, सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर


मीरजापुर, 18 सितंबर।
पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने गूगल मीट के माध्यम से परिक्षेत्र के तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण, वांछित, इनामिया अभियुक्तों और वारंटियों की गिरफ्तारी तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। रात की गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग के भी निर्देश दिए गए।

गो-तस्करों की संपत्ति जब्ती पर जोर

गो-तस्करी, मादक पदार्थ और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने गो-तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध से अर्जित चल-अचल संपत्ति जब्त कराने तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को शासनादेश के तहत जब्त करने को कहा। टॉप-10 अपराधियों पर गुंडा, गैंगस्टर और 14(1) के तहत कार्रवाई तथा जरूरत के अनुसार जमानत निरस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए।

महिला अपराध और पॉक्सो मामलों में तेजी

महिला संबंधी अपराधों में त्वरित और कठोर कार्रवाई के साथ पॉक्सो एक्ट के मामलों की विवेचना दो माह के भीतर हर हाल में पूरी कराने को कहा गया। न्यायालय में प्रभावी पैरवी कर अभियुक्तों को शीघ्र सजा दिलाने पर भी जोर दिया गया।

गणेश विसर्जन को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

गणेश उत्सव और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विसर्जन स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। आयोजकों व संभ्रांत नागरिकों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा निर्धारित मार्ग और समय का पालन कराने के निर्देश दिए गए।

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

ट्विटर, व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने पर तत्काल खंडन और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया। अफवाह फैलाने वालों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume