सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल होकर गिरफ्तार, ₹50 हजार नकद और सोने के जेवर समेत पिस्टल बरामद
सोनभद्र, 18 सितंबर। मध्य प्रदेश के सिंगरौली स्थित जयंत के कंचन ज्वैलर्स में हुई डकैती का सोनभद्र पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से ₹50 हजार नकद, सोने के आभूषण, अवैध .32 बोर पिस्टल, कारतूस, मोबाइल और बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को छह हथियारबंद बदमाश बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित कंचन ज्वैलर्स में घुसे थे। बदमाशों ने दुकान संचालक व मौजूद लोगों को हथियार दिखाकर मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली। विरोध करने पर फायरिंग की गई, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। घटना के बाद बदमाश मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।
पिपरी की ओर भागे बदमाश, पुलिस ने घेरा
घटना के बाद सोनभद्र पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर रही थी। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि डकैती में शामिल दो बदमाश अपाचे बाइक से पिपरी की ओर आने वाले हैं। इसके बाद अनपरा, शक्तिनगर, पिपरी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने डी-प्लांट रोड, डिबुलगंज के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।
अपाचे बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे पिपरी की ओर भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग किए जाने पर आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। इसमें रोशन कुमार स्वीपर (25), निवासी शक्तिनगर पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी राहुल स्वीपर जंगल की ओर भाग निकला।
लूट के जेवर पर मिले कंचन ज्वैलर्स के टैग
पुलिस ने आरोपी के पास से एक सोने का टॉप्स, कान का सुई-धागा, ईयर रिंग और मंगलसूत्र का लॉकेट बरामद किया। इन जेवरों पर कंचन ज्वैलर्स के टैग लगे मिले। इसके अलावा ₹50 हजार नकद, की-पैड मोबाइल, .32 बोर पिस्टल, दो खोखा कारतूस और सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर डकैती में छह लोगों के शामिल होने तथा दो अपाचे मोटरसाइकिलों के इस्तेमाल की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार दोनों बाइक भी लूटी गई थीं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए माल की बरामदगी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र, झारखंड और मध्य प्रदेश में हत्या के प्रयास, हथियार, गैंगस्टर, लूट एवं अन्य धाराओं से जुड़े कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सीओ पिपरी हर्ष पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। टीम में अनपरा प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र राय, एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा और पिपरी थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Post a Comment