सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
सीएसआर से बदलेगी सोनभद्र की शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाओं की तस्वीर
एंबुलेंस से लेकर आधुनिक चिकित्सा उपकरण और मोबाइल केयर यूनिट तक पर जोर, कस्तूरबा विद्यालयों का होगा कायाकल्प
सोनभद्र। जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं को नई रफ्तार देने के लिए प्रशासन ने सीएसआर कंपनियों के साथ कदमताल तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बुधवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में पांच प्रमुख सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर जनहित से जुड़े प्रस्तावों की समीक्षा की और सीएसआर को केवल संसाधन उपलब्ध कराने के बजाय स्थायी एवं परिणामपरक विकास का माध्यम बनाने पर जोर दिया।
बैठक में एनसीएल सिंगरौली, एनसीएल बीना, एनसीएल खड़िया, एनटीपीसी शक्तिनगर और एनटीपीसी रिहंद के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएसआर के तहत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका आमजन के जीवन पर सीधा और सकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने लंबित प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेकर कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा बड़ा सहारा
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को दो एंबुलेंस उपलब्ध कराने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आधुनिक चिकित्सकीय उपकरणों की व्यवस्था करने तथा फाइलेरिया प्रभावित मरीजों के रुग्णता प्रबंधन और दिव्यांगता की रोकथाम के लिए एमएमडीपी मोबाइल केयर यूनिट स्थापित करने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा हुई।
शिक्षा के साथ जनसुविधाओं पर भी फोकस
शिक्षा के क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
इसके अलावा जनसुनवाई भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, जीरो पावर्टी अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को आयरन किचन किट और आयरन युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा बढ़ौली चौराहे के पास ओपन जिम के निर्माण जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
जरूरत के हिसाब से हो सीएसआर का इस्तेमाल
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कंपनी प्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय के साथ प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीएसआर की राशि का उपयोग जनपद की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप ऐसे कार्यों में हो, जिनका लंबे समय तक लाभ आमजन को मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी नितिन प्रकाश सिंह सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment