Top News

लाखों रुपये से संवारा गया अमृत सरोवर बदहाल, कूड़े से पट रहा तालाब

 सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद 

सलैयाडिह में पंचायत भवन के बगल में गंदगी का अंबार, पौधों को भी नहीं बचाया जा सका।


विंढमगंज, सोनभद्र।
विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह में पंचायत भवन के बगल स्थित अमृत सरोवर तालाब इन दिनों बदहाली का शिकार है। स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब में आसपास के घरों से निकलने वाला कूड़ा-कचरा डाला जा रहा है, जिससे सरोवर की साफ-सफाई और सुंदरता प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ महीने पहले मनरेगा योजना के तहत बड़ी संख्या में मजदूर लगाकर अमृत सरोवर की साफ-सफाई और सुंदरीकरण कराया गया था। तालाब के आसपास इंटरलॉकिंग तथा पेड़-पौधे भी लगाए गए थे। लेकिन देखरेख के अभाव में कई पौधे जानवरों और बकरियों की चपेट में आकर खराब हो गए।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि पंचायत भवन के ठीक बगल में स्थित होने के बावजूद तालाब में कूड़ा डाले जाने का सिलसिला जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तालाब की नियमित निगरानी और देखरेख की व्यवस्था नहीं होने के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी धन खर्च कर तालाब को सुंदर बनाया गया, लेकिन उसके संरक्षण की व्यवस्था नहीं होने से पूरी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। उनका सवाल है कि जब पौधे लगाए जाते हैं तो उनकी सुरक्षा के लिए व्यवस्था क्यों नहीं की जाती?

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और दुद्धी ब्लॉक के संबंधित अधिकारियों से अमृत सरोवर की दोबारा सफाई, कूड़ा डालने पर रोक और लगाए गए पौधों की सुरक्षा की व्यवस्था कराने की मांग की है।

सवाल यह है—सरकारी धन से संवारे गए अमृत सरोवर की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume