सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
ब्लॉक स्तरीय परीक्षा में 188 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, चयनित विद्यार्थी करेंगे चोपन का प्रतिनिधित्व
चोपन (सोनभद्र), 7 सितंबर। शैक्षणिक दक्षता और छात्रों के अधिगम स्तर को परखने के उद्देश्य से सोमवार को विकास खंड चोपन में ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा 2026-27 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ के निर्देश एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकुल आनंद पाण्डेय के मार्गदर्शन में आयोजित परीक्षा में संकुल स्तर से चयनित होकर पहुंचे मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी अब जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में चोपन ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे।
खण्ड शिक्षा अधिकारी चोपन श्री लोकेश कुमार मिश्र की देखरेख में परीक्षा निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई। विकास खंड के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों से कक्षा 3, 5, 6 और 8 के लिए चयनित कुल 241 विद्यार्थियों में से 188 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
इन मेधावियों ने बनाई जगह
परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का शिक्षकों द्वारा निष्पक्ष मूल्यांकन किए जाने के बाद ब्लॉक स्तरीय मेरिट जारी की गई। प्राथमिक स्तर पर कक्षा 3 में सुषमा, शिवा और सूर्या तथा कक्षा 5 में क्षमा, दीपिका, सीमा और तीर्थराज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए।
वहीं उच्च प्राथमिक स्तर पर कक्षा 6 में काजल, कृष्णा और अनुप्रिया तथा कक्षा 8 में कृष्ण, सलोनी, प्रिंस और सूरज कुमार ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए चयनित होने का गौरव हासिल किया।
समापन अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी लोकेश कुमार मिश्र ने परीक्षा के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और आगामी जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए पूरी लगन और मेहनत के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ उनकी शैक्षणिक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

Post a Comment