सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
सोनभद्र में 20 हजार करोड़ के निवेश की तैयारी, उद्योगों से खुलेगा रोजगार का रास्ता
शेष 5,388 करोड़ के निवेश के लिए विभागवार लक्ष्य तय, पर्यटन से स्वास्थ्य और डेयरी तक निवेश के नए द्वार
सोनभद्र। सोनभद्र को निवेश, उद्योग और रोजगार का नया हब बनाने की दिशा में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) 5.0 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई। जनपद को जीबीसी 5.0 के तहत 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य मिला है, जिसके मुकाबले अब तक 14,612 करोड़ रुपये के 33 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इन परियोजनाओं से करीब 4,068 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
अब प्रशासन की नजर शेष 5,388 करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य को पूरा करने पर है। इसके लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारी सौंपते हुए विभागवार निवेश लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
पर्यटन से स्वास्थ्य तक निवेश का रोडमैप
जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग को 1,040 करोड़, प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित क्षेत्र को 1,000 करोड़, पेट्रोल पंप क्षेत्र को 500 करोड़, नए नर्सिंग होम एवं स्वास्थ्य संस्थानों को 500 करोड़, राइस मिलों को 200 करोड़, नई डेयरी इकाइयों को 200 करोड़ तथा आबकारी विभाग को 200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव जुटाने का लक्ष्य दिया। अन्य विभागों को भी उनकी संभावनाओं के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित किए गए।
एमओयू नहीं, जमीन पर दिखे निवेश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेश प्रक्रिया को केवल एमओयू तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रस्तावों को तेजी से धरातल पर उतारा जाए। संभावित निवेशकों से लगातार संवाद और समन्वय स्थापित कर आवश्यक विभागीय सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा एनओसी समेत अन्य प्रक्रियाओं को सुगम बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश लक्ष्य की प्राप्ति सोनभद्र के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देगी। नए उद्योग और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन निवेशकों को विभागीय स्तर से एनओसी जारी की जा रही है अथवा विभागों के माध्यम से लाभ प्रदान किया गया है, उनका निवेश सारथी पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अजय कुमार मिश्रा, पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मित्र नितिन प्रकाश समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment