सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
जनपदीय माध्यमिक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले, कई आयु वर्गों में मेजबानों का दबदबा
ओबरा (सोनभद्र)। वॉलीबॉल के मैदान पर खिलाड़ियों का जोश, जुनून और जीत का जज्बा देखते ही बना। जनपदीय माध्यमिक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जिलेभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। जोरदार सर्विस, दमदार स्मैश और शानदार ब्लॉक के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों में ओबरा और रेणुकूट की टीमों ने अपना दबदबा कायम करते हुए कई खिताब अपने नाम किए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी एवं अध्यक्षता कर रहे ओबरा शिक्षा समिति के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरी नारायण सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्रधानाचार्य मुकुंद सिंह गौर ने अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
बालिका वर्ग में रेणुसागर-रेणुकूट का जलवा
बालिका 19 वर्ष आयु वर्ग में आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, रेणुसागर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, जबकि आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, रेणुकूट की टीम उपविजेता रही। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग में आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, रेणुकूट की टीम ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल के दम पर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
बालक वर्ग में ओबरा ने मारी जोरदार बाजी
बालक 19 वर्ष आयु वर्ग में शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज, ओबरा के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया। आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज, रेणुकूट की टीम को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
17 वर्ष आयु वर्ग में चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज, मधुपुर की टीम विजेता बनी, जबकि रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज, चोपन ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग में शिक्षा निकेतन इंटरमीडिएट कॉलेज, ओबरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
खेल मैदान से बनता है आत्मविश्वास और नेतृत्व
मुख्य अतिथि चांदनी देवी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज पढ़ाई के साथ खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
विद्यालय प्रबंधक राकेश मिश्र ने खिलाड़ियों को हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना के साथ मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।
अध्यक्षता कर रहे ईश्वरी नारायण सिंह ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताते हुए विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता को सफल बनाने में व्यायाम शिक्षक अरविंद कुमार, बलबीर सिंह, इंदु सिंह, रमेश सिंह, पुष्पिता पाठक, राहुल त्रिपाठी, श्वेता द्विवेदी एवं अनुराग पाण्डेय सहित शिक्षकों और खेलप्रेमियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम का संचालन आचार्य प्रमोद चौबे ने किया।
फोटो कैप्शन : जनपदीय माध्यमिक वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी एवं प्रबंधक राकेश मिश्र, खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करतीं मुख्य अतिथि तथा प्रतियोगिता में दमखम दिखातीं बालिका खिलाड़ी।

Post a Comment