सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
चार प्रमुख मार्गों का होगा चौड़ीकरण-सुदृढ़ीकरण, उद्योगों की रफ्तार बढ़ेगी और आमजन का सफर होगा आसान
सोनभद्र। विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहे सोनभद्र को अब बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उद्योगों को रफ्तार देने और आमजन के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जिले की चार प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण पर 166.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। करीब 66.44 किलोमीटर लंबे इन मार्गों के लिए व्यय वित्त समिति ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए बजट जारी करने की संस्तुति की है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि शासन की मंजूरी के बाद अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से चार राज्यों की सीमा से जुड़े सोनभद्र की दूसरे जनपदों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
उद्योगों को मिलेगी नई रफ्तार
डीएम ने बताया कि सड़कें बेहतर होने से उद्योगों के लिए कच्चे माल की ढुलाई और तैयार उत्पादों के परिवहन का समय एवं लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी। इससे जिले में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क परियोजनाओं का फायदा केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा। आम लोगों को भी बेहतर, सुरक्षित और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। खराब सड़कों के कारण जहां अभी सफर में अधिक समय लगता है, वहीं सुदृढ़ीकरण के बाद यात्रा का समय घटेगा और दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
इन चार सड़कों की बदलेगी तस्वीर
- चोपन-कोटा-कोन-खरौंधी मार्ग — करीब 43.84 करोड़ रुपये
- वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे-5ए का सुदृढ़ीकरण एवं सतह सुधार — करीब 58.15 करोड़ रुपये
- आरएस रोड से कोदरा टोला मार्ग — करीब 26.09 करोड़ रुपये
- मुर्धवा-म्योरपुर-बभनी-चपकी-बीजपुर मार्ग — करीब 38.82 करोड़ रुपये
इन चारों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद सोनभद्र में सड़क कनेक्टिविटी का नेटवर्क और मजबूत होगा। इससे उद्योग, व्यापार, रोजगार और आमजन की आवाजाही—चारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

Post a Comment