Top News

निर्माण में घटिया सामग्री मिली तो एडीएम सख्त, मानक से समझौते पर कार्रवाई के निर्देश

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 

सोनभद्र व चुर्क घुर्मा में निर्माणाधीन परियोजनाओं का औचक निरीक्षण, मंदिर-तालाब से लेकर कल्याण मंडपम् तक परखी गुणवत्ता


सोनभद्र, 20 सितम्बर।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं होगा। नगर पालिका परिषद सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कराई जाएं।

नगर पालिका के वार्ड नंबर चार स्थित चण्डी माता मंदिर में वंदन योजना के तहत चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए एडीएम ने फर्श, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था और पौधरोपण का काम बेहतर ढंग से कराने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर में जल निकासी के लिए अनावश्यक नाली के बजाय उचित ढाल विकसित करने को कहा।

मोरम-गिट्टी की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी

मंदिर के बाहर रखी मोरम और गिट्टी की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर एडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण में केवल मानक के अनुरूप सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

तालाब पर निर्माणाधीन घाट के निरीक्षण के दौरान कार्य बंद मिला। तालाब में जलकुंभी और वनस्पतियां अधिक पाए जाने पर तत्काल सफाई कराने तथा घाट की सीढ़ियों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कल्याण मंडपम् में मानक के विपरीत मिली सामग्री

जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के पास सीएंडडीएस द्वारा बनाए जा रहे कल्याण मंडपम् में निरीक्षण के दौरान मोरम और ईंट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं मिली। कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता भी मौके पर मौजूद नहीं थे। एडीएम ने परियोजना प्रबंधक को सामग्री की जांच कराने और मानक के विपरीत सामग्री मिलने पर संबंधित ठेकेदार के बिल से नियमानुसार कटौती कराने के निर्देश दिए।

चुर्क घुर्मा में सफाई व्यवस्था पर भी सख्ती

नगर पंचायत चुर्क घुर्मा में शिव मंदिर परिसर, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, छठ घाट और वैश्विक नगरोदय योजना के पार्क का निरीक्षण किया गया। परिसर में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर नियमित सफाई कराने और मंदिर परिसर में आवारा पशुओं का प्रवेश रोकने के निर्देश दिए गए।

चुर्क तिराहे के पास निर्माणाधीन दुकानों और डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया। एडीएम ने अधिकारियों को परियोजना पूरी होने तक नियमित निगरानी करते हुए प्रत्येक कार्य को मानक और गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume